ब्यूरो चीफ – के के ग्वालजी, नाथद्वारा (नेशनल टाइम न्यूज़)
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर कलक्टर ने ली बैठक
नाथद्वारा राजसमंद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिले में भव्य जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन वंदे भारत उद्यान (महाराणा प्रताप उद्यान) पर किया जाएगा। साथ ही समस्त उपखंड एवं ग्राम स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डॉ समंदर शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर 2 से 3 हजार, ब्लॉक स्तर पर 1 हजार एवं ग्राम पंचायत स्तर पर 200-500 व्यक्तियों की सहभागिता का लक्ष्य है। बैठक में जिला स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया तथा समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियों के निर्देश दिए गए।
कलक्टर श्री असावा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो तन, मन और आत्मा को संतुलित रखने में सहायक है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए योग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए।
इंडियन योग एसोसिएशन के संयुक्त सचिव हिमांशु ने बताया योग दिवस के दसवें संस्करण को विभिन्न नवाचारों यथा योग बंधन, योग संगम, योग पार्क, योग संवेश, योग प्रभाव, योग कनेक्ट और हरित योग के साथ मनाया जायेगा। कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
साथ ही योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता, अभ्यास सत्र, प्रचार-प्रसार सामग्री एवं जन सहभागिता को लेकर भी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित सभी स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि उनके माध्यम से योग जिज्ञासुओं सहित आम जन की अधिक से अधिक उपस्थिति कार्यक्रम में हो। जिले के सभी ऐतिहासिक स्थलों पर योगाभ्यास भी होगा जिनका समन्वय संबंधित उपखंड अधिकारी करेंगे।
कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय समारोह के अलावा समस्त ऐतिहासिक स्थलों जैसे नौ चौकी पाल, हल्दीघाटी, महाराणा प्रताप स्मारक हल्दीघाटी, कुंभलगढ़ दुर्ग आदि पर भी योग अभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।

बैठक में जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एडिशनल एसपी रजत विश्नोई, आयुक्त बृजेश राय, एमई (द्वितीय) ललित बाछरा, एसई पीडब्ल्यूडी मगनीराम रैगर, उपायुक्त राज्य कर नैनाराम प्रजापति, आयुर्वेद सहायक निदेशक डॉ गिर्राज प्रसाद शर्मा, डॉ विनोद शर्मा, गायत्री परिवार, इंडियन योग एसोसिएशन, आर्ट ऑफ लिविंग, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद आदि के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कलक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे समन्वय से कार्य करते हुए योग दिवस को सफल बनाएं।
