रिपोर्टर: कन्हैया लाल गर्ग , जाशमा (नेशनल टाइम न्यूज़)
जाशमा, 21 जुलाई।
सावन मास के दूसरे सोमवार को जाशमा में भगवान नीलकंठ महादेव मंदिर पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। पुलिस चौकी के पास स्थित महादेव मंदिर में क्षेत्र की महिलाओं ने व्रत रखकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, गुलाब पुष्प, आक-धतूरा और दूध से अभिषेक कर भोलेनाथ को प्रसन्न किया। पूरे दिन जय-जयकार और शिव भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। पूजा में निर्मला सन्नाडिया, जसोदा राजोरा, केसर, निर्मला, राजेश कुमार सोनी सहित अनेक महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल रहे।

महिलाओं ने शिवजी के भक्ति गीत गाकर माहौल को शिवमय कर दिया। कार्यक्रम के बाद भव्य प्रसादी का वितरण हुआ। ग्राम जाशमा के नर्सिंग द्वारा, पुलिस चौकी के पास महादेव मंदिर, माली मोहल्ले सहित पूरे गांव में शिव पूजन बड़े उत्साह से किया गया।
इस मौके पर पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कराई गई। श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति भावना से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।

