Homeराजस्थानउदयपुरउदयपुर में सेटबैक विवाद ने ली बुजुर्ग की जान, पड़ोसियों पर हत्या...

उदयपुर में सेटबैक विवाद ने ली बुजुर्ग की जान, पड़ोसियों पर हत्या का आरोप; परिजनों व जैन समाज में भारी आक्रोश

उदयपुर | 29 जुलाई 2026 

उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित सुंदरवास के ओस्तवाल नगर में मकान के सेटबैक (खाली स्थान) को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार रात्रि करीब 8 बजे हिंसक झड़प में बदल गया। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों द्वारा की गई मारपीट में 68 वर्षीय सागरमल मेहता की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबी हॉस्पिटल), उदयपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक सागरमल मेहता मूल रूप से खेरोदा, तहसील वल्लभनगर, जिला उदयपुर के निवासी थे तथा वर्तमान में सुंदरवास स्थित ओस्तवाल नगर में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि मकान निर्माण के दौरान नियमानुसार सेटबैक छोड़ने को लेकर उनका पड़ोसियों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभाग UDA में शिकायत भी की थी, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया।

परिजनों का आरोप है कि तीन लोगों ने मिलकर सागरमल मेहता के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनका आरोप है कि गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हुई। हालांकि पुलिस की ओर से घटना के कारण और आरोपों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।

घटना के बाद आरोपी बताए जा रहे लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबी हॉस्पिटल), उदयपुर की मॉर्च्युरी में रखवाया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा टीमें गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद मृतक के परिजन, रिश्तेदार एवं सकल जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के पुत्र राहुल मेहता ने समाज के लोगों से अपील की है कि न्याय की मांग को लेकर अधिक से अधिक संख्या में एकजुट होकर परिवार का साथ दें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।

(नोट: यह समाचार परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों एवं उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और पुलिस जांच के निष्कर्ष आने शेष हैं।)

Dilip Kumar Joshi
Crime Reporter | National Time News

RELATED ARTICLES

Most Popular