रिपोर्टर: पवन कुमार सोनी
भोपालसागर (चित्तौड़गढ़), 23 जुलाई। चित्तौड़गढ़ जिले की पंचायत समिति भोपालसागर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, जाशमा में विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति (SDMC) की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य (पदेन अध्यक्ष) उषा कुमारी ने संचालन किया।
बैठक में SDMC सदस्यों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए मांग की कि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, जाशमा में हिंदी माध्यम एवं अंग्रेजी माध्यम दोनों का संचालन एक साथ किया जाए, जिससे विद्यार्थियों एवं विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को अपनी आवश्यकता और सुविधा के अनुसार माध्यम चुनने का अवसर मिल सके।
बैठक में विशेष रूप से यह निर्णय लिया गया कि वर्तमान में अंग्रेजी माध्यम में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शिक्षा पूर्ववत जारी रहे, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित एवं बेहतर बना रहे। वहीं जो नए विद्यार्थी अथवा वर्तमान विद्यार्थी हिंदी माध्यम में अध्ययन करना चाहते हैं, उन्हें हिंदी माध्यम में प्रवेश दिया जाए। इससे विद्यालय में हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यम समान रूप से संचालित रहेंगे तथा विद्यार्थियों को अपनी पसंद के अनुसार अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। ग्रामीणों का मानना है कि इस व्यवस्था से दोनों माध्यमों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्राप्त होंगे और उनका शैक्षणिक भविष्य अधिक उज्ज्वल बनेगा।
बैठक में यह प्रस्ताव भी रखा गया कि विद्यालय की ओर से संबंधित विभाग को आवश्यक प्रस्ताव एवं पत्र भेजकर दोनों माध्यमों के संचालन की स्वीकृति प्राप्त की जाए।
बैठक में जाशमा ग्राम सरपंच देवीलाल लोहार, विजय शर्मा, भेरूलाल लोहार, कालू पाराशर, विकास, राजमल धोबी, बोथूलाल, राजू, अल्पसंख्यक सदस्य दिलीप जैन सहित अनेक SDMC सदस्य, अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि यदि विद्यालय में हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यम संचालित होते हैं तो विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और गांव की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
National Time News
