मेवाड़ के प्रसिद्ध हरिद्वार मातृकुंडिया धाम से जासमा मंगरा तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने सेवा कर कांवड़ियों का किया स्वागत
जासमा से रिपोर्ट — पवन कुमार सोनी
जासमा- श्रावण माह के अंतिम सोमवार को जसमा मंगरा में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मेवाड़ के प्रसिद्ध हरिद्वार मातृकुंडिया धाम से पवित्र गंगाजल लेकर निकली कांवड़ यात्रा जासमा मंगरा पहुंची, जहां 301 कांवड़ियों ने भगवान पशुपतिनाथ का विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कांवड़िए मातृकुंडिया धाम से पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए जासमा मंगरा पहुंचे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल चलने के साथ-साथ डीजे, कार, बाइक और ट्रैक्टरों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह और धार्मिक आस्था दिखाई दी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया और उनके लिए फराली, नाश्ता, चाय एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था की।
पंचामृत और गंगाजल से हुआ भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक
श्रावण के अंतिम सोमवार को जासमा मंगरा स्थित श्री शनि महाराज एवं चौथ माता मंदिर परिसर तथा ओगड़ संत श्री प्रताप जी महाराज की समाधि स्थल पर विशेष धार्मिक माहौल रहा। कांवड़ियों के जसमा पहुंचते ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और भगवान पशुपतिनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री पशुपतिनाथ का पंचामृत और पवित्र गंगाजल से अभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना की।
कांवड़ियों की सेवा में आगे आए ग्रामीण और श्रद्धालु
कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाए। किसी ने चाय-पानी की व्यवस्था की तो किसी ने नाश्ता और फरारी वितरित कर कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया। सेवा और सहयोग की इस भावना ने पूरी यात्रा को और भी खास बना दिया।
भक्ति गीतों और डीजे पर झूमे श्रद्धालु
यात्रा में डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच कांवड़िए और श्रद्धालु उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए। हाथों में कांवड़ और जुबां पर भोलेनाथ का नाम लिए श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। जासमा मंगरा पहुंचने के बाद मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर हर्ष और उल्लास के साथ भाग लिया।
व्यवस्था में रहा सभी का सहयोग
भव्य कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में राधे गौशाला टीम, पुलिस थाना भूपालसागर, समस्त ग्रामवासी, आसपास के गांवों के ग्रामीण, श्रद्धालुओं एवं विभिन्न सेवा भावी लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी सहयोग किया गया, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
श्रावण के अंतिम सोमवार को आयोजित यह कांवड़ यात्रा भक्ति, आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का अनूठा संगम बनी। 301 कांवड़ियों द्वारा भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किए जाने के साथ ही जासमा मंगरा का पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।


