प्रतापनगर, उदयपुर | दिनांक: 01 जून 2025
चीफ एडिटर एवं क्राइम रिपोर्टर – दिलीप जोशी (नेशनल टाइम न्यूज़)
प्रतापनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार रात लगभग 9:15 बजे एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार (RJ 09 CB 1805) ने सड़क पर कहर बरपा दिया। यह कार डबोक एयरपोर्ट रोड से प्रतापनगर की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक शराब के नशे में धुत था और कार की रफ्तार बेकाबू थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सड़क के दूसरी ओर एयरपोर्ट जाने वाली रोड पर जा पहुँची। कार के तीनों टायर फट गए, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। एक बाइक सवार युवक बाल-बाल बचा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसा इतना भयानक था कि कार सड़क के डिवाइडर के बीच बने लगभग 3 फीट गहरे नाले को पार करते हुए सीधे डबोक जाने वाली सड़क पर जा गिरी। चश्मदीदों के अनुसार, चालक ने हिंदुस्तान जिंक की यूनिफॉर्म पहन रखी थी। सौभाग्य से चालक को कोई चोट नहीं आई, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
यह दुर्घटना नायरा पेट्रोल पंप, बेड़वास, उदयपुर के पास हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रतापनगर थाने की टीम पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाने के बढ़ते मामलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या कानून का डर अब खत्म हो चला है?
