Homeक्राईमजासमा में गंदगी का संकट: जाम नालियां, सड़कों पर गटर का पानी,...

जासमा में गंदगी का संकट: जाम नालियां, सड़कों पर गटर का पानी, चारों ओर कीचड़ और आवागमन में भारी परेशानी, टूटते मार्ग और महामारी का बढ़ता खतरा प्रशासन कब जागेगा ?

रिपोर्टर : पवन कुमार सोनी (नेशनल टाइम न्यूज)  जासमा (भोपालसागर/चित्तौड़गढ़)। ग्राम पंचायत जासमा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। गांव के अधिकांश वार्डों में नालियां महीनों से जाम पड़ी हैं, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। बरसात ने हालात को और भी भयावह बना दिया है। जगह-जगह जलभराव, कीचड़ और दुर्गंध के कारण ग्रामीणों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संक्रामक बीमारियों का खतरा गंभीर रूप ले सकता है।

गांव के ब्रह्मपुरी, सुड़ियों का मोहल्ला, लोहार मोहल्ला, सालवी मोहल्ला, हरिजन बस्ती, खटिक मोहल्ला, मुस्लिम क्षेत्र, माली मोहल्ला, यादव मोहल्ला, गोलियों का मोहल्ला, राजपूत मोहल्ला, नाई मोहल्ला, कुम्हार मोहल्ला, गाडरी मोहल्ला, शनिमहाराज रोड, मुख्य बस स्टैंड, पशु चिकित्सा मार्ग, मठ बावड़ी क्षेत्र. और अनोपरा रोड सहित अनेक इलाकों में गटर जाम होने से गंदा पानी लगातार सड़कों पर बह रहा है। कई स्थानों पर कचरे के ढेर और मिट्टी से बंद नालियां प्रशासन की लापरवाही की तस्वीर पेश करती दिखाई देती हैं।

सबसे चिंताजनक स्थिति खटिक मोहल्ले में मस्जिद के पास, मुख्य बस स्टैंड, मठ बावड़ी क्षेत्र, अनोपरा रोड – हरिजन बस्ती और अन्य कई स्थानों पर बनी हुई है, जहां गटर पूरी तरह जाम हैं। पानी की निकासी नहीं होने से सड़कें टूट रही हैं, गहरे गड्ढे बन चुके हैं और कीचड़ के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात से पहले नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करना ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी थी, लेकिन समय रहते आवश्यक कार्य नहीं किए गए। अब पूरा गांव इसका खामियाजा भुगत रहा है। कई स्थानों पर गंदा पानी घरों के बाहर तक पहुंच चुका है, जिससे लोगों में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ गई है।

नेशनल टाइम न्यूज के माध्यम से जिला कलेक्टर चित्तौड़गढ़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद), विकास अधिकारी (पंचायत समिति भोपालसागर), ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) भोपालसागर, ग्राम विकास अधिकारी जासमा, ग्राम सरपंच जासमा तथा संबंधित विभागों से केवल आग्रह ही नहीं, बल्कि तत्काल हस्तक्षेप की अपेक्षा की जाती है कि पूरे गांव में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सभी जाम नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, जल निकासी की स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों की बढ़ती समस्या की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की मानी जाएगी।

यह समस्या किसी एक गली या एक मोहल्ले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे गांव के जनजीवन को प्रभावित कर रही है। संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इन मार्गों से होकर गुजरते हैं, इसलिए अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाली कार्रवाई की आवश्यकता है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान कर लोगों को राहत दिलाई जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular